
हिंदी सटायर डेस्क, पेरिस/नई दिल्ली। यूनेस्को ने इस बात पर गहरी चिंता जताई है कि भारत में कुछ शरारती तत्व वर्ल्ड हैरिटेज पार्टी कांग्रेस के भग्न अवशेषों के साथ छेड़खानी कर उन्हें खत्म करने की साजिश रच रहे हैं। यूनेस्को ने इसके लिए हाल ही में कर्नाटक और गोवा में हुई घटनाओं का हवाला दिया है।
यूनेस्को के प्रमुख एड्रे एजुले ने केंद्र सरकार को लिखे एक पत्र में कहा, “कांग्रेस जैसी ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए हमने इसे वर्ल्ड हैरिटेज पार्टी का दर्जा दे रखा है। लेकिन अब भी कई शरारती तत्व देशभर में यहां-वहां बिखरे इसके भग्न अवशेषों के साथ लगातार छेड़खानी कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए सरकार की ओर से जो प्रयास अपेक्षित हैं, वे नजर नहीं आ रहे। अगर जल्दी ही इन शरारती तत्वों को रोका नहीं गया तो कभी भव्यता की प्रतीक रही यह विरासत केवल इतिहास का हिस्सा बनकर रह जाएगी।”
(Disclaimer : यह खबर कपोल-कल्पित है। इसका मकसद केवल राजनीतिक कटाक्ष करना है, किसी की मानहानि करना नहीं।)