
नई दिल्ली/लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने अब उत्तरप्रदेश में अकेले ही दम पर अपने उम्मीदवारों की जमानत बचाने का फैसला किया है। इस बीच, कांग्रेस के एक अंदरूनी सर्वे से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। इस सर्वे के अनुसार उत्तरप्रदेश में 5 सीटें ऐसी हैं जहां पार्टी अपने दम पर अकेले ही जमानत बचा सकती है।
राज्य में सपा-बसपा गठबंधन के बाद कांग्रेस ने रविवार को आगामी लोकसभा चुनावों में अकेले ही उतरने का ऐलान कर दिया। कांग्रेस के उत्तरप्रदेश राज्य के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गठबंधन से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। पहले हम 25 सीटों पर जमानत बचाने की कोशिश करते। अब तक पूरी की पूरी 80 सीटों पर ऐसा करेंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस बार नतीजे चौंकाने वाले होंगे। अपनी इस बात के पक्ष में उन्होंने पार्टी के एक अंदरूनी सर्वे का भी हवाला देते हुए कहा कि हम पूरे राज्य में 5 से भी अधिक सीटों पर अपने उम्मीदवारों की जमानत बचाने जा रहे हैं। इस सर्वे ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान फूंक दी है।
जमानत बचाने में सक्षम लोगों को ही मिलेगा टिकट : उप्र में उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। पार्टी हाईकमान ने साफ कर दिया है कि वह केवल उन्हीं लोगों को टिकट देगी जो अपने दम पर जमानत बचाने में सक्षम होंगे।
(Disclaimer : यह खबर कपोल-कल्पित है। इसका मकसद केवल स्वस्थ मनोरंजन और राजनीतिक कटाक्ष करना है, किसी की मानहानि करना नहीं।)