
(Congress Mukt Bharat) : हिंदी सटायर डेस्क। गुरुवार को कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही पूरा देश भाजपा मुक्त हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विट कर देशवासियों को ‘भाजपा मुक्त भारत’ होने की बधाई दी। उन्होंने कहा – आज साबित हो गया कि देश को कांगेस (संस्कृति) से मुक्त करना कठिन ही नहीं, असंभव है। जो हमें मुक्त करने चले थे, वे ही आज कांग्रेस युक्त हो गए।
खुशी से कांग्रेस के बुजुर्ग नेताओं की आंखें भर आईं :
जैसे ही राहुल गांधी ने भाजपा मुक्त भारत का ऐलान किया, कांग्रेस के 90 पार नेता अपने-अपने बिस्तरों पर खुशी से झूम उठे। कई की आंखें भर आईं। ऐसे ही एक बुजुर्ग नेता ने कहा – इन आंखों को अब भी भरोसा नहीं हो रहा। 30-40 साल पुराना भारत आंखों के आगे घूम आया।
इस बुजुर्ग नेता ने दो बार धरती को झुककर प्रणाम भी किया। यह पूछने पर कि वे धरती मां को प्रणाम क्यों कर रहे हैं, बुजुर्ग नेता ने कहा – नहीं जी। मैं धरती मां को नमन नहीं कर रहा था। मुझे तो अचानक इंदिरा माता नजर आ गई। मैं उनके चरणों को सादर नमन कर रहा था। फिर उनमें अचानक मोदीजी भी नजर आ गए तो मैंने आंखें घूमा लीं।
कांग्रेस के पहले गैर कांग्रेसी पीएम बने मोदी :
इस घोषणा के साथ ही नरेंद्र मोदी कांग्रेस के पहले गैर कांग्रेसी पीएम भी बन गए हैं। आज शाम को कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के तमाम प्रधानमंत्रियों के साथ उनकी तस्वीर भी रखी जाएगी। इसके बाद कांग्रेस पूरे देश में मोतीचूर के लड्डूओं का वितरण भी करवाएगी।
(Disclaimer : यह खबर कपोल-कल्पित है, लेकिन भारतीय राजनीति पर कटाक्ष सच्चा है। इसका मकसद किसी की मानहानि करना नहीं है।)
By : A. Jayjeet