
(Rahul Gandhi 15 Minute Challenge) : हिंदी सटायर डेस्क। राहुल गांधी ने मोदी द्वारा 15 मिनट बगैर पढ़े बोलने की चुनौती के जवाब में उन्हें नई चुनौती दे डाली है। राहुल ने कहा है कि वे बस 5 मिनट बोलेंगे और मोदी पेट पकड़कर भाग जाएंगे।
मोदी ने दो दिन पहले कनार्टक में एक चुनावी रैली में राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा था कि वे किसी भी भाषा में हाथ में कागज पकड़े बगैर 15 मिनट बोलकर ही दिखा दें। इस पर राहुल ने भी पलटवार करते हुए नई चुनौती देते हुए कहा – “मैं जब बोलूं, तब मोदीजी मेरे सामने बस 5 मिनट बैठकर दिखा दें। वे 5 मिनट बगैर हंसे खड़े तो क्या, पेट पकड़कर बैठे भी नहीं रह सकते। भाग खड़े होंगे।”
भाजपा में खलबली, कांग्रेस में उत्साह की लहर :
राहुल की इस चुनौती से भाजपा में खलबली मच गई है। पार्टी के प्रवक्ता सांबित पात्रा ने कहा, “इतनी पुरानी और ऐतिहासिक पार्टी का कोई नेता इस हद तक नीचे गिर सकता है, यकीन नहीं होता।” उन्होंने खिसियाते हुए कहा – राहुलजी प्रधानमंत्री को यह चुनौती कैसे दे सकते हैं कि वे उनके भाषण पर बगैर हंसे 5 मिनट बैठकर दिखा दें? यह तो ज्यादती है।
राहुल की इस चुनौती से भाजपा में घबराहट को देखकर कांग्रेस में उत्साह की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस की नेता रेणुका चौधरी ने अट्टहास लगाते हुए कहा, “राहुलजी की इस चुनौती से माेदीजी को दिन में भी तारे नजर आ गए होंगे। हमारी पार्टी का भी कोई नेता उनके भाषण को सुनकर 5 मिनट तक बैठ नहीं सकता। तो मोदीजी की क्या औकात! पांच मिनट तो बहुत ज्यादा दे दिए। एक मिनट भी नहीं टिक पाएंगे।”
चुनौती से बचने के लिए मोदी ने बनाया विदेश यात्रा का प्लान :
इस बीच, अपुष्ट सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी की इस चुनौती से बचने के लिए मोदीजी कर्नाटक के चुनावों को छोड़कर जल्दी ही 10 देशों की यात्रा पर निकलने का प्लान बना रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनके लौटने तक राहुल भी भूल जाएंगे कि उन्होंने क्या चुनौती दी थी?
(Disclaimer : यह खबर कपोल-कल्पित है। इसका मकसद केवल राजनीतिक व्यंग्य करना है, किसी की मानहानि करना नहीं।)