
मुंबई। सेल्फी के चक्कर में यहां की एक 20 वर्षीय युवती योग गुरु बन गई। हालांकि उसे खुद इस बात का पता तब चला जब वह सेल्फी लेकर थक गई। यह मामला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को मुंबई में हुआ।
यह केवल संयोग था कि world yoga day की सुबह आरती नाम की यह लड़की बगीचे में सेल्फी ले रही थी। सेल्फी में एक्सपेरिमेंट्स करने के लिए वह भांति-भांति के पोज बना रही थी। कभी हाथ ऊपर करती, कभी पैर स्ट्रेच करती। कभी होंठ आगे करती, कभी मुंह तो कभी गर्दन घुमाती।
फिर क्या हुआ?
योगा डे पर योग करने का संकल्प लिए तीन लोगों ने जब इस लड़की को ऐसा करते देखा तो उन्हें यह भ्रम हो गया कि वह कोई ‘योग गुरु’ हैं और योग की प्रैक्टिस कर रही हैं। बस, योगातुर उन तीनों ने भी वही हरकतें करनी शुरू कर दी। उन तीनों को देखकर धीरे-धीरे सौ और फिर हजार से भी ज्यादा लोग हो गए और वे योग की ‘सेल्फी मुद्राएं’ दोहराने लगे। वह लड़की अपनी सेल्फी लेने में इतनी मगन थी कि उसे भान तक नहीं हुआ कि कब वह योग गुरु बन गई।
जब यह लड़की सेल्फी ले-लेकर थक गई तो अचानक इतनी भीड़ देखकर घबरा गई अौर जल्दी ही वहां से गायब हो गई। सभी लोग इस बात से खुश थे कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उन्हाेंने भी अपनी ओर से काफी कुछ योगदान दे दिया।
(Disclaimer : यह खबर कपोल-कल्पित है। इसका मकसद केवल स्वस्थ मनोरंजन करना है, किसी की मानहानि करना नहीं।)